बड़ा विरोध! पांढुर्णा के सचिव/सहायक सचिव 6 दिन की सामूहिक छुट्टी पर, CEO पर दुर्व्यवहार का आरोप

म.प्र. ग्राम पंचायत सचिव/सहायक सचिव संयुक्त संगठन, जनपद पंचायत पांढुर्णा ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) पर गंभीर दुर्व्यवहार और अनावश्यक मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए सामूहिक अवकाश की घोषणा की है। संगठन ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पांढुर्णा को पत्र लिखकर दिनांक 08.12.2025 से 13.12.2025 तक 6 दिन के अवकाश की मांग की है। संगठन का कहना है कि वे पूर्ण निष्ठा से शासकीय योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाते हैं, लेकिन CEO के व्यवहार से वे हताश, भयभीत और आक्रोशित हैं, जिसके कारण उनके लिए काम करना असंभव हो गया है। इस विरोध प्रदर्शन में ब्लॉक अध्यक्ष भास्कर महाले और अन्य पदाधिकारियों का महत्वपूर्ण योगदान है।
पांढुर्णा में जैन समाज का सौभाग्य: आचार्य पदवी से पहले प. पू. श्री महेन्द्र सागर जी म. सा. का मंगल आगमन

श्री श्वेताम्बर मूर्तिपूजक जैन समाज, पांढुर्णा को आज एक अद्वितीय सौभाग्य प्राप्त हुआ। प. पू. उपाध्याय प्रवर श्री महेन्द्र सागर जी म. सा. तथा प. पू. युवा मनीषी उपाध्याय श्री मनीष सागर जी म. सा. आदि ठाणा-18 का नागपुर से जैसलमेर विहार के दौरान नगर में मंगल आगमन हुआ। समाज में इस बात को लेकर विशेष हर्ष है कि प. पू. महेन्द्र सागर जी म. सा. की 8 मार्च को आचार्य पदवी होने जा रही है। गुरुदेवों ने अपने प्रभावी प्रवचन में धर्म का वास्तविक स्वरूप बताते हुए कहा कि स्वयं को सरल बनाना, मन को शांत रखना और क्रोध पर नियंत्रण रखना ही जीवन को सार्थक बनाता है। इस अवसर पर नागपुर और मुलताई से भी बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे।
पांढुर्णा पुलिस की नेक पहल: सौंसर में वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं को दी ‘राहवीर’ बनने की प्रेरणा

पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर 26 नवंबर से 10 दिसंबर 2025 तक चल रहे यातायात जनजागरूकता विशेष अभियान के तहत, आज थाना सौंसर में एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक श्री सुन्दर सिंह कनेश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज कुमार सोनी के मार्गदर्शन में, निरीक्षक आकांक्षा सहारे (यातायात प्रभारी) ने वरिष्ठ नागरिकों और युवाओं को यातायात नियमों, सीट बेल्ट/हेलमेट की अनिवार्यता, सीपीआर देने, और साइबर फ्रॉड से बचाव की विस्तृत जानकारी दी। विशेष रूप से, राहवीर योजना के तहत घायलों की सहायता करने वालों को कानूनी सुरक्षा प्रदान करने के बारे में बताकर, युवाओं को निडर होकर मानवता की सेवा करने के लिए प्रेरित किया गया।
टैक्स चुकाने का सुनहरा मौका! पांढुर्णा नगरपालिका में ‘विशेष कर संग्रहण अभियान’ जारी, आज इन वार्डों का हुआ निरीक्षण

नगरपालिका परिषद, पांढुर्णा ने शासन के निर्देशानुसार 20/11/2025 से 24/12/2025 तक नगरीय क्षेत्र के समस्त 30 वार्डों में विशेष कर संग्रहण अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत विशेष कैम्प लगाकर नागरिक विगत और चालू वर्ष का सम्पत्तीकर, जलकर, समेकित कर, शिक्षा उपकर तथा दुकान किराया सहित अन्य कर जमा कर सकते हैं। आज दिनांक 05/12/2025 को मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री राजकुमार इवनाती और प्र. राजस्व निरीक्षक श्री युवराज मर्सकोले ने वसई वार्ड और गणेश वार्ड में लगे कैम्पों का निरीक्षण कर वसूली तेज करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

