पांढुर्णा हलचल: कुनबी समाज के मंच से सांसद ने की 25 लाख की वर्षा, तो इधर पट्टा और पानी पर प्रशासन का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’; जिम्मेदारों को दिया अल्टीमेटम, पढ़िए शहर का पूरा हाल

 

पांढुर्णा में पट्टा वितरण की तैयारी तेज: एसडीएम ने ली समीक्षा बैठक, पारदर्शिता बरतने के दिए निर्देश

पांढुर्णा। शहर में पट्टा वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में शनिवार को कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशानुसार एसडीएम श्रीमती अलका एक्का ने पट्टा सर्वेक्षण की प्रारंभिक सूची की जांच को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक की। कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित इस बैठक में एसडीएम ने राजस्व विभाग और नगरपालिका के अधिकारियों के साथ सूची की बारीकी से समीक्षा की।

​एसडीएम श्रीमती एक्का ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पट्टा सर्वेक्षण कार्य में पूरी सावधानी बरती जाए। उन्होंने कहा कि सूची तैयार करते समय पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखें ताकि किसी भी पात्र हितग्राही के साथ अन्याय न हो। बैठक में पट्टा सर्वेक्षण से जुड़े विभिन्न तकनीकी बिंदुओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान नायब तहसीलदार किरथलाल इरपाचे, सीएमओ राजकुमार इवनाती, राजस्व निरीक्षक, पटवारी और नगरपालिका के कर्मचारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

 

गंदे पानी की शिकायत मिली तो होगी कार्रवाई: सीएमओ ने पेयजल व्यवस्था को लेकर कसे पेंच, सप्लायरो को दी चेतावनी

पांढुर्णा। शहरवासियों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और गंदे पानी की समस्या को दूर करने के लिए नगरपालिका प्रशासन सख्त हो गया है। शनिवार को कलेक्टर के निर्देशन में मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) राजकुमार इवनाती ने पेयजल व्यवस्था से जुड़े कर्मचारियों और सप्लायरो की बैठक ली। सीएमओ ने जलप्रदाय सप्लायर और सुपरवाइजरों को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि पानी की टंकियों और उसके आसपास के क्षेत्र में पूरी तरह साफ-सफाई रखी जाए।

​उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शहर के किसी भी हिस्से में पाइपलाइन से गंदा पानी मिलने की शिकायत आती है, तो उसे तत्काल ठीक किया जाए और वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। बैठक का उद्देश्य शहर में शुद्ध पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करना है। इस अवसर पर सहायक यंत्री सोनू सकवार, उपयंत्री विवेक बेलिया, स्वच्छता निरीक्षक संजय कवड़े और सभी वार्डों के पेयजल सप्लायर उपस्थित थे।

मतदाता सूची से कोई भी पात्र नाम न छूटे: ‘नो-मैपिंग’ वाले मतदाताओं के लिए एसडीएम ने दिए सख्त निर्देश

पांढुर्णा। आगामी चुनावों और मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) कार्यक्रम के तहत प्रशासन यह सुनिश्चित करने में जुटा है कि कोई भी पात्र नागरिक मताधिकार से वंचित न रहे। शनिवार को एसडीएम श्रीमती अलका एक्का ने ‘नो-मैपिंग’ वाले मतदाताओं की सुनवाई और उनके निराकरण को लेकर सुपरवाइजरों और बीएलओ की बैठक ली। कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में मतदाता सूची की शुद्धता पर विशेष जोर दिया गया।

​एसडीएम ने निर्देश दिए कि नो-मैपिंग श्रेणी में आने वाले मतदाताओं की स्थिति की तुरंत जांच कर उनका नाम सही ढंग से सूची में जोड़ा जाए। उन्होंने सभी बीएलओ को क्षेत्र स्तर पर गंभीरता से काम करने और घर-घर जाकर वास्तविकता परखने को कहा। प्रशासन का लक्ष्य है कि मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी और त्रुटिरहित हो। बैठक में उपस्थित सभी कर्मचारियों को समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने की हिदायत दी गई है।

कुनबी समाज भवन के लिए सांसद ने दिए 25 लाख: नववर्ष मिलन समारोह में झूमे समाजबंधु, आतिशबाजी से हुआ अतिथियों का स्वागत

पांढुर्णा। एतश कॉलेज में संत श्री तुकाराम महाराज कुनबी समाज संगठन का नववर्ष मिलन समारोह भव्यता और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में सांसद विवेक बंटी साहू, पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़ और भाजपा जिलाध्यक्ष संदीप मोहोड़ का समाजबंधुओं ने ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर सांसद विवेक बंटी साहू ने कुनबी समाज के निर्माणाधीन भवन के लिए 25 लाख रुपये की सांसद निधि देने की बड़ी घोषणा मंच से की, जिसका उपस्थित जनसमुदाय ने तालियों की गड़गड़ाहट से स्वागत किया।

​पूर्व मंत्री नानाभाऊ मोहोड़ और संदीप मोहोड़ ने भी समाज के भवन निर्माण सहित हर कार्य में शत-प्रतिशत सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम की प्रस्तावना समाज अध्यक्ष रामराव टोनपे ने रखी और समाज की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। मंच से वक्ताओं ने नए पांढुर्णा जिले के विकास में कुनबी समाज के योगदान की जमकर सराहना की। कार्यक्रम का संचालन नरेंद्र बाम्बल व रामगोपाल भोयर ने तथा आभार डॉ. विवेक राऊत ने माना। इस दौरान छिंदवाड़ा से आए समाज अध्यक्ष चंद्रभान देवरे, वैशाली महाले, जनपद उपाध्यक्ष भीमराव वालके सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा मौजूद रहे।