पांढुर्ना के गुटखा माफियाओं में हड़कंप: महाराष्ट्र बॉर्डर पर बिछा ‘मकोका’ का जाल, गुटखा छुआ तो जेल की काल कोठरी में सड़ेगी जवानी

पांढुर्ना |महाराष्ट्र सरकार और खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने अवैध गुटखा तस्करी पर अब तक की सबसे खौफनाक ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ कर दी है। दाऊद इब्राहिम जैसे अंडरवर्ल्ड डॉन और खूंखार आतंकवादियों की रूह कंपा देने वाला ‘मकोका’ (MCOCA – महाराष्ट्र कंट्रोल ऑफ ऑर्गेनाइज्ड क्राइम एक्ट) अब गुटखा तस्करों पर सीधे लागू कर दिया गया है। पांढुर्ना से सटी महाराष्ट्र की सीमा अब तस्करों के लिए ‘मौत का कुआं’ बन चुकी है। यह खबर पांढुर्ना के उन सफेदपोश गुटखा माफियाओं के लिए एक खुला अल्टीमेटम है, जो अपनी तिजोरियां भरने के लिए चंद रुपयों का लालच देकर यहां के भोले-भाले युवाओं को अपराध की भट्टी में झोंक रहे हैं।

पांढुर्ना के लिए यह ‘रेड अलर्ट’ क्यों है?

​पांढुर्ना महाराष्ट्र की सीमा (नागपुर जिला) का सबसे अहम प्रवेश द्वार है। इसी भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाकर गुटखा माफिया पांढुर्ना को ‘तस्करी का लॉन्चिंग पैड’ बना चुके हैं। ये कायर माफिया खुद कभी सामने नहीं आते; ये पांढुर्ना के बेरोजगार और भटके हुए युवाओं को रातों-रात अमीर बनने का ख्वाब दिखाते हैं और उन्हें मोहरा बनाकर गुटखे की खेप बॉर्डर पार भेजते हैं।

​लेकिन अब खेल पूरी तरह पलट चुका है। मकोका लागू होने के बाद, जो भी युवा इस खेप के साथ महाराष्ट्र की सीमा में कदम रखेगा, उसकी जिंदगी उसी पल हमेशा के लिए तबाह हो जाएगी।

माफियाओं की रीढ़ तोड़ने वाले मकोका के 6 खौफनाक सच

1. जमानत का कोई रास्ता नहीं, सीधे ‘उम्रकैद’ तक की सजा

मकोका कोई आम कानून नहीं है, यह तस्करों के लिए एक ‘लक्ष्मण रेखा’ है। पहले तस्कर पकड़े जाने पर थाने से ही मुस्कुराते हुए जमानत पर छूट जाते थे। लेकिन मकोका लगने के बाद सालों-साल जमानत नहीं मिलती। इसमें न्यूनतम 5 साल से लेकर आजीवन कारावास (उम्रकैद) तक की सजा का पक्का प्रावधान है। बिना किसी बेल के तस्कर की आधी जिंदगी जेल की सलाखों के पीछे ही गल जाएगी।

2. बाप-दादा की संपत्ति तक हो जाएगी नीलाम

यह कानून माफियाओं को सड़क पर लाने के लिए बना है। पकड़े जाने पर सिर्फ जेल नहीं होगी, बल्कि तस्कर और उसके आकाओं की पूरी संपत्ति—घर, जमीन, बैंक बैलेंस, महंगी गाड़ियां—सरकार द्वारा तुरंत जब्त (Attach) कर ली जाएगी। अवैध धंधे से खड़ा किया गया पूरा साम्राज्य एक झटके में खाक हो जाएगा।

3. सिर्फ ड्राइवर नहीं, पूरे ‘सिंडिकेट’ का होगा खात्मा

कानून ने अब तस्करों के बचने के सारे सुराख बंद कर दिए हैं। अब केवल माल ले जाने वाला कैरियर (ड्राइवर या राइडर) ही नहीं फंसेगा, बल्कि उसे माल देने वाला मुख्य सरगना (माफिया), ट्रांसपोर्टर, गोदाम मालिक और महाराष्ट्र में माल रिसीव करने वाला रिटेलर—सब के सब मकोका के तहत एक ही गैंग के सदस्य माने जाएंगे और सबको बराबर की खौफनाक सजा मिलेगी।

4. पुलिस के सामने कुबूल किया जुर्म ही ‘फांसी का फंदा’ बनेगा

सामान्य कानूनों में पुलिस के सामने दिया गया बयान कोर्ट में नहीं टिकता। लेकिन मकोका की ताकत यह है कि अगर डीसीपी (DCP) या उससे बड़े अधिकारी के सामने आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, तो वह कोर्ट में सीधा और पक्का सबूत माना जाएगा। बड़े से बड़ा वकील भी इस शिकंजे से नहीं बचा पाएगा।

5. पुराने ‘रिकॉर्ड’ वालों की खैर नहीं

पांढुर्ना के जिन युवाओं या माफियाओं को अतीत में गुटखा तस्करी करते हुए पकड़ा जा चुका है और जो यह सोच रहे हैं कि वे सुरक्षित हैं, वे सबसे बड़े मुगालते में हैं। मकोका संगठित अपराध पर लगता है। अगर किसी का पुराना क्रिमिनल रिकॉर्ड है और वह दोबारा इस रैकेट में रडार पर आता है, तो उस पर मकोका लगना 100% तय है।

6. जन स्वास्थ्य का ब्रह्मास्त्र

FDA ने इसे ‘पब्लिक हेल्थ’ के लिए सबसे बड़ा खतरा घोषित किया है। सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट भी जन स्वास्थ्य से जुड़े मकोका मामलों में कोई रहम नहीं दिखाते। इसका मतलब है कि कानूनी रूप से यह आदेश एक ऐसा ‘बुलेटप्रूफ’ हथियार है जिसके आगे माफियाओं की हर चाल नाकाम होगी।

पांढुर्ना के युवाओं और अभिभावकों के लिए सख्त चेतावनी:

गुटखा माफिया आपके बच्चों के भविष्य के सबसे बड़े दुश्मन हैं। चंद रुपयों, एक नई बाइक या शौक पूरा करने के लालच में गुटखे की एक भी पुड़िया बॉर्डर पार ले जाने की भूल न करें। माफिया तो अपने बिलों में छिप जाएंगे, लेकिन आपके घर का चिराग मकोका की अंधेरी कोठरी में हमेशा के लिए बुझ जाएगा। सतर्क रहें, क्योंकि अब जो बॉर्डर पार पकड़ा गया, उसका लौटना नामुमकिन है!

और पढ़ें

और पढ़ें