April 10, 2026 5:26 pm

पांढुर्णा में ‘ग्रैंड डे’ का हर्ष! एक ओर कलेक्टर ने सुनी जनता की फरियाद; दूसरी ओर बच्चों की जान से खिलवाड़ जारी

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में वरिष्ठ अभिभावक दिवस पर झूमे छात्र, खूब बहा स्नेह

पांढुर्ना वाच

​पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय पांढुर्णा में 09 दिसंबर 2025 को ‘वरिष्ठ अभिभावक दिवस’ बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया, जिसमें वरिष्ठ अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्राचार्य श्री हंसराज मीना और वरिष्ठ अभिभावकों ने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस मौके पर वरिष्ठ अभिभावक श्री सुधाकर कोरडे और मुख्य शिक्षक श्री मोरेश्वर रेवतकर उपस्थित रहे। स्वागत गीत के बाद प्राचार्य श्री मीना ने विद्यालय और अभिभावकों के बीच मजबूत संबंधों पर जोर दिया।

​विद्यार्थियों ने समूह गायन, नृत्य और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दर्शकों का मन मोह लिया। विशेष रूप से “ये तो सच है कि भगवान है” शीर्षक समूह नृत्य को खूब सराहना मिली। अभिभावकों ने भी अपने अनुभव साझा किए, जिससे माहौल भावनात्मक और प्रेरणादायी बन गया। दादा-दादी और नाना-नानी के लिए विशेष खेलकूद प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं, जिसके विजेताओं को प्राचार्य ने पुरस्कृत किया। मंच संचालन श्री राजपाल चौरे एवं डॉ. संध्या पाठक ने कुशलतापूर्वक किया। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. संध्या पाठक, श्री पंकज तिजारे और श्री प्रकाश मिश्रा सहित अन्य शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

कलेक्टर की जनसुनवाई में 15 समस्याओं पर हुई तत्काल कार्रवाई; जमीन, आवास और लाड़ली बहना योजना के आवेदन

​राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत, कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में 15 आवेदकों की समस्याओं को सुना। इस दौरान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए आवेदन दिए। मुख्य रूप से ज़मीन का सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, भू-अधिकार पट्टा, जन्म/मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र और मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के लाभ से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।

​कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी आवेदनों को तत्काल नोट कराते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्परता के साथ निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में धुरपदाबाई ने 45-50 वर्षों से चले आ रहे कब्जे के आधार पर पट्टा देने, सुरेश कावले ने बिल भुगतान के बावजूद विद्युत विभाग द्वारा स्टार्टर और वायर वापस न करने, तथा मनोहरसिंह ठाकुर ने नील गाय से खेत की तुअर फसल को हुए नुकसान का सर्वे कराकर मुआवजा देने जैसे महत्त्वपूर्ण आवेदन प्रस्तुत किए। इस दौरान एडीएम श्री नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बच्चों की जान पर जोखिम! पांढुर्णा में सवारी गाड़ी में लटक कर स्कूल जा रहे मासूम; प्रशासन मौन, अभिभावक भी बेपरवाह

​पांढुर्णा जिले में नेशनल हाईवे नागपुर-भोपाल (NH-47) पर रोजाना सवारी वाहनों में स्कूली बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ हो रहा है। नियमों का उल्लंघन कर, मैजिक (सवारी गाड़ी) में दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों के छात्र-छात्राओं को ठूंस-ठूंस कर और वाहन के पीछे लटकाकर ले जाया जा रहा है। साधनों के अभाव में बच्चे असुरक्षित यात्रा करने को मजबूर हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से स्कूल बसों की व्यवस्था या इन ओवरलोड वाहनों पर सख्ती नहीं दिख रही है।

​आज तिगांव से मोहि मांडवी की ओर जा रही एक मैजिक वाहन में लगभग 25 से 30 स्कूली छात्र-छात्राएं बैठे और लटके हुए दिखाई दिए। जिस मार्ग पर आए दिन भीषण दुर्घटनाएं होती रहती हैं, वहां यह लापरवाही बेहद गंभीर है। मना करने पर भी ड्राइवर अपनी मनमानी कर रहा है और बच्चों की सुरक्षा से समझौता कर रहा है। यह सिर्फ नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि इन मासूम जिंदगियों के साथ खिलवाड़ है। अभिभावकों की गलती भी है, जो किराए की बचत या सुविधा के लिए बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित नहीं कर रहे हैं। बच्चों को हमेशा मान्यता प्राप्त स्कूल वैन या बस में ही भेजना चाहिए जिसमें सुरक्षा बेल्ट और उचित गार्ड की व्यवस्था हो। प्रशासन और अभिभावक, दोनों को किसी बड़े हादसे से पहले सजग होने की जरूरत है।