विश्व पर्यावरण दिवस: ‘पृथ्वी क्लब’ ने महाविद्यालय में किया पौधारोपण

पांढुर्ना प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, पांढुर्णा में विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भूगोल विभाग के ‘पृथ्वी क्लब’ ने एक विशेष पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. शहनाज खान के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में भूगोल विभाग के चतुर्थ सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कॉलेज के नवनिर्मित भवन प्रांगण में विभिन्न प्रजाति के पौधों का रोपण कर विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प लिया। इस अवसर पर डॉ. ललिता धुर्वे, डॉ. रामपाल कुमरे, डॉ. विवेक कुमार सोनवाने, डॉ. पल्लवी झरिया, प्रो. गणेश कुमार तुमडाम, प्रो. मनोज कुमार धुर्वे, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. पंजाब सिंह, डॉ. प्रजेंद्र रघुवंशी, डॉ. अनिल पिंपलकर सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित जनों को प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और वृक्षारोपण की महत्ता के प्रति जागरूक किया गया।
अवैध शराब पर आबकारी विभाग का कड़ा प्रहार: 800 किलो लाहन नष्ट

पांढुर्ना पांढुर्णा जिले में अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार के निर्देशन और सहायक आबकारी आयुक्त श्री बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में जिले के चार ग्रामों नीलकंठ, कारापाठा, मरकावाड़ा एवं लहराढाना में दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान नालों और झाड़ियों में छिपाकर रखी गई लगभग 800 किलो महुआ लाहन जब्त की गई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। विभाग ने म.प्र. आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(1) के अंतर्गत कुल 04 प्रकरण दर्ज किए हैं। इस प्रभावी कार्रवाई में वृत्त प्रभारी अनिकेत पटेल तथा आरक्षक मुकेश रहांगडाले और अनुराग गोनेकर की प्रमुख भूमिका रही। विभाग ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी अवैध मदिरा निर्माण और विक्रय के खिलाफ सख्त रुख जारी रहेगा।
पोषण आहार में कीड़े की शिकायत: जांच टीम ने लिए नमूने, प्रशासन सख्त

पांढुर्ना काराघाट कामठी में वितरित पूरक पोषण आहार के पैकेट में कीड़ा होने की शिकायत पर प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया है। प्रभारी कलेक्टर श्री अग्रिम कुमार ने विशेष जांच दल गठित कर मामले की निष्पक्ष जांच शुरू कर दी है, जिसमें नायब तहसीलदार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं अन्य अधिकारी शामिल हैं। शिकायतकर्ता शेषराव ध्रुवे द्वारा प्रस्तुत नमूने को सीलबंद कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही बरतने पर सीडीपीओ, सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। प्रशासन ने मंडला स्थित निर्माण इकाई से भी स्पष्टीकरण मांगा है। प्रभारी कलेक्टर ने सभी आंगनबाड़ियों में पोषण आहार स्टॉक के सत्यापन के निर्देश दिए हैं ताकि हितग्राहियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
भाजपा पांढुर्णा की कामकाजी बैठक: सेवा और सुशासन का संकल्प

पांढुर्ना भारतीय जनता पार्टी पांढुर्णा जिले की विभिन्न मंडलों में मासिक कामकाजी बैठकें आयोजित की गई, जिनमें संगठनात्मक मजबूती पर जोर दिया गया। मैनीखापा, सावरी, मोहखेड़ और लिंगा मंडल की इन बैठकों में जिला संगठन प्रभारी दीपांकर बैनर्जी, जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड और उज्जवल सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा समझाई। बैठक में केंद्र सरकार के ‘सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण’ के 12 वर्षों के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने की रणनीति बनाई गई। 5 जून से 21 जून तक ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान, स्वास्थ्य शिविर और स्वच्छता कार्यक्रमों के माध्यम से संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने पर सहमति बनी। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने सेवा कार्य को अपना ध्येय मानकर काम करने का संकल्प लिया।
कार्यकर्ता के घर सहभोज: भाजपा नेताओं ने जानी जमीनी हकीकत
पांढुर्ना संगठनात्मक बैठकों के उपरांत भाजपा जिला संगठन प्रभारी दीपांकर बैनर्जी और जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने ग्राम उमरानाला पहुँचकर कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद किया। मोहखेड़ मंडल अध्यक्ष गगन घडकरे के निवास पर पहुंचकर वरिष्ठ नेताओं ने उनके परिजनों से भेंट की और सहभोज का आनंद लिया। जिला अध्यक्ष संदीप मोहोड ने कहा कि कार्यकर्ताओं का समर्पण और उनके परिवार का स्नेह ही भाजपा की असली शक्ति है, जो राष्ट्रसेवा के लिए सदैव प्रेरित करता है। इस दौरे में अनिल कुमरे, सीताराम कोरडे, सदन साहू, उज्जवल सिंह चौहान, ऋषी सोनी, विलास घोंघे सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। नेताओं के इस पारिवारिक जुड़ाव ने संगठन के निचले स्तर के कार्यकर्ताओं में उत्साह का संचार किया है।

